एडीएम के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद डीएम कैंप कार्यालय के कंटेनमेंट जोन में शामिल होते ही 14 दिन के लिए आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। मंगलवार को स्वास्थ्य कर्मियों ने कैंप कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और पुलिस कर्मियों की थर्मल स्क्रीनिंग की। इसके साथ ही कार्यालय को सैनिटाइज किया गया। इधर, हॉटस्पॉट इलाका सील होने से आफीसर्स कालोनी, चड्ढा कालोनी में पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा।
एडीएम के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद जिला प्रशासन ने आफीसर्स कालोनी के ढाई सौ मीटर परिधि का इलाका सील कर दिया है। अंबेडकर चौराहा स्थित सिविल लाइन पुुलिस चौकी से कंपनीबाग तिराहा तक की सड़क को बैरियर लगाकर पूरी तरह बंद कर दिया गया है। आफीसर्स कालोनी और चड्ढा कालोनी में मंगलवार को दवाओं का छिड़काव करने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने कालोनी के लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की। डीएम कैंप कार्यालय परिसर में एडीएम का ऑफिस खुला था, जहां बैठकर वह कोरोना संक्रमण काल का कार्य संपादित करते थे। वहां मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने दवाओं का छिड़काव करने के साथ ही सभी कर्मचारियों की थर्मल स्क्रीनिंग की। मंगलवार को सीडीओ आवास के अंदर और बाहर दवाओं का छिड़काव किया गया। अंबेडकर चौराहा से कंपनीबाग तिराहे की सड़क सील होने से अंथोनी कालेज के सामने लगने वाली सब्जी की दुकानें रोडवेज बस अड्डे की सड़क पर आ गई हैं। इससे अंबेडकर चौराहे पर दिन भर वाहन रेंगते रहे।
दो सड़कें सील होने से राहगीरों की बढ़ी मुसीबत
विकास भवन और कटरामेदनीगंज को जोडने वाली सड़क पहले ही सील हो गई थी। ऐसेे में अंबेडकर चौराहे से कंपनीबाग तिराहे तक सड़क सील होने से अब यात्रियों को सिर्फ रोडवेज डिपो की सड़क आने-जाने के लिए बची है। इससे ट्रक, बस, ई-रिक्शा, चार पहिया वाहनों की भीड़ बढ़ गई है। सुबह-शाम अंबेडकर चौराहे पर जाम लग रहा है। पटरियों पर सब्जी की दुकानें और सड़क पर भारी वाहनों के होने से दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एसडीएम, तहसीलदार का लिया गया सैंपल
एडीएम के संपर्क में बराबर रहने वाले एसडीएम सदर और तहसीलदार सदर की कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया है। अभी रिपोर्ट नहीं आई है। तहसीलदार ने अपना मोबाइल स्विच आफ करते हुए रिपोर्ट आने तक अपने को होम क्वारंटीन कर लिया है। इधर, जनपद स्तरीय अधिकारियों का सैंपल तीन जुलाई को लिया जाएगा।
कोरोना संक्रमण काल में पूरी जिम्मेदारी से कार्य करने वाले एडीएम के संक्रमित होने की खबर से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा हुआ है। आलम यह है कि जिसे हल्का बुखार आ रहा है, या जुकाम हुआ है वह भी कोरोना की आशंका में जांच कराने को परेशान है। मंगलवार को एसडीएम सदर और तहसीलदार सदर ने जिला अस्पताल में ट्रूनाट मशीन से जांच कराई।
जिसमें पॉजिटिव रिपोर्ट नहीं आई है। उनका सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयागराज भेजा गया है। इधर, तहसीलदार ने खुद को होम क्वारंटीन करते हुए मोबाइल स्विच आफ कर लिया है। सीएमओ डा. अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तीन जुलाई को डीएम, सीडीओ, डीडीडी, पीडी सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का सैंपल लिया जाएगा।