मानधाता ब्लाक के सरायगोविंदराय गांव स्थित बकुलाही नदी का पुल शुक्रवार को ओवरलोड एक ट्रक के चढ़ने से क्षतिग्रस्त हो गया। इसके कारण आवागमन ठप हो गया। इस वजह से लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा। देर रात तक पुल के बीच फंसे ट्रक को बाहर निकालने का प्रयास किया जाता रहा।
सरायगोविंदराय गांव में बकुलाही नदी पर 2002 में पुल का निर्माण कराया गया था। शुक्रवार को मिट्टी लदा एक ट्रक इलाहाबाद से मानधाता की ओर जा रहा था। ट्रक के बीचो बीच पहुंचते ही पुल अचानक टूट गया। तेज आवाज होने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। वहीं पुल के बीच का भाग पूरी तरह से टूट जाने के कारण ट्रक उसमें फंस गया। इससे आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। वहीं दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोगों ने दौड़कर क्लीनर और ड्राइवर को बाहर निकाला। हालांकि उन्हें चोटें नहीं आईं। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।