विवि की नियुक्ति में पिछड़े वर्गं को
मिलेगा 27 प्रतिशत आरक्षण : हीरा
पीड़ित पिछड़े वर्ग को न्याय दिलाने में योगी सरकार की पहल हुई कारगर
आवाज नहीं सुनने वाले अफसरों पर अब होगी सीधी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष हीरा ठाकुर ने कहा है कि विश्वविद्यालयों में होने वाली नियुक्ति में अब पिछड़े वर्गों को 27 प्रतिशत का आरक्षण मिलेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुई बैठक में कुलपतियों ने यह स्वीकार करते हुए आरक्षण प्रणाली लागू करने को कहा है। उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए मोदी और योगी ने कई योजनाएं संचालित की हैं।
पीडब्ल्यूडी डाक बंगला में पत्रकारों से बात करते हुए राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष ने कहा कि पिछड़ों को न्याय दिलाने के लिए योगी सरकार ने आयोग को असीमित अधिकार दिए हैं। अब पिछड़े वर्ग के पीड़ितों की आवाज नहीं सुनने वाले अफसरों पर सीधे कार्रवाई कर सकता है। उन्होंने कहा कि 85 फीसदी आबादी वाला पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए किसी पार्टी ने नहीं सोचा। आरोप लगाया कि सपा कार्यकाल में लाखों बच्चों को वजीफा से वंचित होना पड़ा था। उसका कारण यह था कि वजीफा के लिए बजट ही नहीं दिया गया था। योगी सरकार को पिछड़ों की हितैषी बताते हुए कहा कि आयोग को इतना अधिकार मिल गया है कि अब उनकी लड़ाई लड़ने के लिए हम सदैव तैयार रहते हैं। इसके पूर्व डाक बंगले में पहुंचने पर भाजपा पिछड़ा वर्ग के जिलाध्यक्ष विनोद शर्मा ने अपने साथियों के साथ उपाध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया।
शिक्षकों का प्रशिक्षण 13 से
प्रतापगढ़ (संवाद)। जिले के 17 विकास खंडों में बेसिक शिक्षा विभाग के तैनात शिक्षकों को 13 जनवरी से पांच दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहले चरण में 150 शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जो ब्लाकों में तैनात शिक्षकों की संख्या पर निर्भर करेगा। जिला समन्वयक श्रीकृष्ण विश्वकर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण में शिक्षकों को पठन-पाठन के नए टिप्स दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि गुणात्मक प्रशिक्षण देने के लिए मास्टर ट्रेनरों को पहले ही प्रशिक्षित किया जा चुका है। प्रशिक्षण की पूरी जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारियों को दी गई है।