बाबा बेलखरनाथ धाम ब्लाक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में आयुष्मान भारत कार्ड पाने से खुश लाभार्?
- फोटो : PRATAPGARH
गरीबों के लिए संजीवनी साबित हो रही आयुष्मान योजना : मोती सिंह
बेलखरनाथधाम ब्लाक में आयुष्मान भारत तथा आरोग्य योजना के तहत पात्रों को बांटे कार्ड
अमर उजाला ब्यरो
शिवगढ़। गरीबों एवं मध्यमवर्गीय लोगों के लिए आयुष्मान भारत तथा आरोग्य योजना संजीवनी साबित हो रही हैं। इलाज के लिए लोगों को अब परेशान नहीं होना पड़ रहा है। बगैर किसी भेदभाव के सबको स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया हो रही हैं। यही मोदी एवं योगी सरकारी की मंशा है। यह बातें कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह ने गुरुवार को विकासखंड बाबा बेलखरनाथधाम में आयुष्मान भारत के पात्रों को गोल्डेन कार्ड वितरित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि मोदी व योगी सरकार में भेदभाव रहित कार्य हो रहा है। जाति व मजहब की दीवार अब नहीं रही। एकजुट होकर सभी कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानवता ही भाजपा की संस्कृति है। उन्होंने कहा कि जिले में 1185 पात्र लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड वितरित किया जा चुका है। अब तक 11 करोड़ 70 लाख रुपये योजना के तहत खर्च हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि देश के किसानों को उन्नत बीज, खाद आदि के लिए परेशान नहीं होना पड़ रहा है। उन्होंने बसपा-सपा व कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा। कहा कि जाति-पाति की राजनीति करने वाली पार्टियों को जनता ने सबक सिखा दिया है। पूर्ण बहुमत में मोदी सरकार बनाकर यह सीख दी है कि अब वह उनके बहकावे में आने वाली नहीं है। उन्हें विकास पसंद है। कैबिनेट मंत्री ने ब्लॉक परिसर में पौधारोपण करके पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया। इसके पूर्व चौपाल लगाकर जनता की सुनवाई की व शिकायतों के जल्द निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर पूर्व ब्लाक प्रमुख कमलाकांत यादव, समाजसेवी राजकुमार सिंह, सुशील सिंह, मीडिया प्रभारी विनोद पांडेय, बीडीओ उमेश यादव, एडीओ प्यारे लाल, सुमित कुमार व राहुल आदि मौजूद रहे।
ब्लॉक सभागार बाबा बेलखरनाथ धाम में आयोजित कार्यक्रम में पौधरोपण करते कैबिनेट मंत्री मोती सिंह।- फोटो : PRATAPGARH