खेत में सब्जी लेने पहुंची किशोरी को गांव के ही चार युवक जबरन सरसों के खेत में घसीट ले गए। सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया। हालांकि शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। लोगों ने आरोपियों को पकडक़र पीटना शुरू कर दिया। इस बीच आरोपी पक्ष के लोग भी पहुंच गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। खबर लिखे जाने तक किसी ने पुलिस को तहरीर नहीं दी थी।
अंतू थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी मंगलवार की शाम खेत में सब्जी लाने गई थी। आरोप है कि इस दौरान गांव के चार युवकों ने उसे दबोच लिया और सरसों के खेत में घसीट ले गए। कशोरशराबा सुनकर आसपास के लोगों के साथ परिजन भी दौड़ पड़े। आरोपी युवकों को दबोचने के बाद लोगों ने पीटना शुरू कर दिया।
इस बीच आरोपी युवकों के परिजन भी आ गए। जिनसे लोगों की मारपीट होने लगी। मौका पाकर आरोपी भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को शांत कराया। सीओ सिटी अभय पांडेय ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। उन्होंने बताया कि किशोरी के साथ बदनियती से खेत में ले जाकर मारपीट की सूचना मिली थी। किसी भी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।