सोमवार की शाम शहर के अंबेडकर चौराहे से चौक तक प्रशासन ने अभियान चलाकर सड़कों पर किए गए अतिक्रमण हटवाया। नगर पालिका की जेसीबी, मजदूरों और फोर्स के साथ एसडीएम सदर ने सड़क किनारे बनाए गए चबूतरे टीनशेड तोड़वा दिए। गुमटियों के साथ होर्डिंग्स हटाए गए। प्रशासन की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। लोग अपना सामान लेकर भागने लगे। अतिक्रमण हटने के बाद खुली हवा में सड़कें सांस लेती दिखाई पड़ीं। एसडीएम सदर की अगुवाई में यह अभियान देर शाम तक चौक घंटाघर की ओर चलता रहा।
शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए सात दिवसीय कार्यक्रम घोषित किया गया है। इसके लिए पहले से नगर पालिका प्रशासन ने दुकानदारोें के साथ ही पटरी दुकानदारों को चेतावनी दे दी थी। इसके बावजूद दुकानदारों के साथ ही पटरी दुकानदारों ने अपनी दुकानें नहीं हटाई थीं।
एसडीएम सदर शशीभूषण राय, प्रभारी बीडीओ सदर विनीत उपाध्याय, ईओ नगर पालिका अवधेश यादव व जेई के संग सीओ सिटी, सीओ सदर भारी भरकम पुलिस बल के साथ सोमवार को अंबेडकर चौराहे से अतिक्रमण हटाना प्रारंभ किया। पहले तो लोग टालमटोल करते रहे, लेकिन बाद में अफसरों ने अरदब में लेते हुए जेसीबी से टिनशेड, चबूतरा तोड़वाना प्रारंभ कर दिया। इससे हड़कंप मच गया। आनन- फानन में लोग अपना सामान समेटकर भागने लगे। एक पटरी से हटाए जा रहे अतिक्रमण का दूसरी पटरी के लोगों पर असर नहीं पड़ रहा था। लिहाजा अफसरों ने दूसरी पटरी की ओर रूख किया और सभी को अवैध तरीके से रखीं गुमटियां हटाने का निर्देश दिया। कई दुकानों के बाहर लगे टिनशेड तोड़े गए। लावारिस गुमटियों के साथ ही होर्डिंग्स उखाड़कर नगर पालिका के ट्रैक्टर पर मजदूरों ने लाद दिया। इस दौरान अफसरों ने सख्त रूख अपनाते हुए सभी को चेतावनी दी कि हर हाल में अतिक्रमण करने वाले अपना सामान हटा लें। अन्यथा उनका सामान नगर पालिका जब्त कर ले ले जाएगी।