संपूर्ण समाधान दिवस शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में हुआ। आला अफसर बैठे। पीड़ितों ने शिकायतें भी बताईं लेकिन समाधान कुछ का ही हुआ। शिकायती कागज इधर-उधर टहलते रहे। यह समाधान भी आश्वासन पर आकर अटक गया।
सदर तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में कोई तीन महीने से चक्कर लगा रहा है तो कोई पांच। हर बार उन्हें आश्वासन ही मिला। सदर तहसील में सुबह 10 बजते-बजते शिकायतकर्ताओं की भीड़ जुट गई। 11 बजे से शिकायतों की सुनवाई शुरू हुई। कोई हाथ में कागज, आंखों में समाधान की आस लेकर पहुंचा।
उन्हीं के बीच कतार में खड़े थे ननकू लाल। सदर के मदईपुर निवासी ननकू चार साल से जमीन के विवाद में उलझे हैं। उनका आरोप है कि न जमीन की पैमाइश कराई जा रही है और नहीं रास्ते में मिट्टी डाली जा रही है। जबकि पैमाइश कराने को लेकर कई मांग की गई। आठ बार समाधान दिवस का चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन कुछ भी नहीं हुआ। उल्टे मुकदमा अलग से झेल रहे हैं।
इसी तरह की पीड़ा भदोही गांव के केशव प्रसाद की है। उनका आरोप है कि पड़ोसी उनकी जमीन कब्जा कर रखे हैं। उनकी जमीन के सामने दरवाजा लगा दिया है। तार खींचकर रास्ते को भी बंद कर रहे हैं। पांच बार शिकायत की गई। जिलाधिकारी ने समस्या के निस्तारण का भी आदेश दिया था लेकिन कोई कुछ नहीं कर रहा है।
समाधान दिवस पर सिर्फ आश्वासन मिल रहा है। वहीं, सदर तहसील में एसपी दीपक भूकर और एसडीएम सदर अनुष्का शर्मा ने 178 फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई की। निस्तारण महज का आठ का कर सके।
वहीं, सीडीओ एवं प्रभारी जिलाधिकारी डॉ. राम मोहन मीना ने लालगंज तहसील में फरियादियों की शिकायतें सुनीं। 105 शिकायतों में सात का ही मौके पर निस्तारण हो सका।
पुलिस पर घर में तोड़फोड़ करने का आरोप
बाघराय। कुंडा तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंची मंडल भासौ की साक्षी देवी ने पुलिस पर घर में घुसकर तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि 30 सितंबर को शाम चार बजे बाघराय थाने के पुलिस कर्मी घर पहुंचे। पुलिस कर्मी घर में तोड़फोड़ करने के बाद पति राजा को थाने ले गए। 23 हजार रुपये रिश्वत देने पर उन्हें छोड़ा गया। महिला का आरोप है कि पति को चोरी के आरोप में दो बार पुलिस जेल भेज चुकी है। अब डेढ़ लाख रुपये की मांग की जा रही है। सीओ सदर मनोज रघुवंशी ने बताया कि महिला की शिकायत पर थाने के पुलिस कर्मियों से पूछताछ की जा रही है। संवाद
एक नजर में आंकड़े
......
तहसीलप्राप्त शिकायतेंनिस्तारण
कुंडा207-11
सदर-17808
पट्टी-173-06
रानीगंज-16505
लालगंज-10507
लालगंज में संपूर्ण समाधान दिवस पर शिकायतें सुनते अधिकारी। सूचना विभाग- फोटो : सांकेतिक
लालगंज में संपूर्ण समाधान दिवस पर शिकायतें सुनते अधिकारी। सूचना विभाग- फोटो : सांकेतिक