लालगंज के गौखाड़ी में कुएं में गिरी महिला को निकलवाते सहायक पुलिस अधीक्षक अमृत जैन। संवाद
फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक बीस मिनट तक रस्सी पकड़ाकर डूबने से बचाया
संवाद न्यूज एजेंसी
लालगंज। पैर फिसलने से कुएं में गिरी महिला की जान सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) की तत्परता से बच गई। सरकारी वाहन मौजूद नहीं होने पर पुलिस की जीप से मौके पर पहुंचे एएसपी ने फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक रस्सी डालकर महिला को डूबने से बचाए रखा। बाद में पहुंचे दमकल व पुलिस कर्मियों ने महिला का सकुशल कुएं से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने महिला की जान बचाने वाले अफसर के प्रति आभार जताया है।
लालगंज कोतवाली के खरांवा गौखाड़ी निवासी राबिया बानों(55) बृहस्पतिवार को पैर फिसलने से गांव के समीप एक कुएं में गिर गई थीं। इसकी जानकारी ग्रामीणों ने कोतवाल के प्रभारी सहायक पुलिस अधीक्षक अमृत जैन को सीयूजी नंबर पर दी। पुलिस गश्त पर थी और एएसपी का वाहन किसी काम से गया था। फायर ब्रिगेड को घटना स्थल पर पहुंचने का निर्देश देते हुए एएसपी अमृत जैन कोतवाली की जीप से मौके पहुंचे।
मौके पर एएसपी ने रस्सी मंगाई और कुएं में डालकर डूब रही महिला को रस्सी पकड़ने के लिए कहा। फायर ब्रिगेड को वहां पहुंचने में बीस मिनट लगे। तब तक एएसपी कुएं में महिला को रस्सी पकड़ाकर डबूने से बचाए रहे। बाद में दमकल कर्मियों ने पुलिस वालों के साथ महिला को कुएं से बाहर निकाला। काफी देर तक महिला पानी में रहने महिला सहम चुकी थी। उसे उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया। यहां हालत में सुधार होने पर उसे घर भेज दिया गया।