जिला अस्पताल स्थित सीएमओ कार्यालय में तालाबंदी कर धरने पर बैठी आशा बहुएं।
- फोटो : PRATAPGARH
अपनी मांगों को लेकर आशा बहुओं ने सोमवार को सीएमओ आफिस के मेन गेट पर ताला जड़ दिया। सीएमओ सहित अन्य कर्मचारी अंदर फंसे थे। करीब दो घंटे तक प्रदर्शन करने के बाद सीएमओ से मिलकर मांगपत्र सौंपा।
आशा बहू संगठन की अध्यक्ष सुमन मिश्र के नेतृत्व में सोमवार सुबह 11 बजे आशा बहुएं एकजुट होकर सीएमओ आफिस पहुंचीं। इसके बाद सीएमओ कार्यालय के मेन गेट पर ताला जड़कर प्रदर्शन करने लगीं। कहा कि उन्हें सिर्फ सात सौ रुपये मानदेय मिलता है।
वह भी कभी समय से नहीं दिया जाता है। जबकि उनसे तमाम काम लिए जाते हैं। कोरोना काल में सबसे आगे आशा बहुओं को कर दिया गया। आयुष्मान योजना में गोल्डेन कार्ड बनाने में उन्हें अहम जिम्मेदारी दी गई। गर्भवती महिलाओं की जांच व टीका लगवाने के साथ प्रसव के समय अस्पताल ले जाने की जिम्मेेदारी भी उन्हीं पर है।
इसके बाद भी मानदेय नहीं बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने सीएमओ को पत्र सौंपकर मानदेय बढ़ाए जाने, नियमित किए की मांग की है। इस मौके पर शशिबाला श्रीवास्तव, मिथिलेश तिवारी, सुनीता सिंह, आरती, सुनीता, अनीता मिश्र, गीता, संगीता यादव आदि मौजूद रहीं।