सेना भर्ती से लौट रहे अभ्यर्थियों ने सड़कों पर जमकर हंगामा किया। बसों पर पथराव के बाद तोड़फोड़ की। अभ्यर्थियों के बवाल से यात्रियों के साथ इलाकाई लोग सहमे रहे।
सीआरपीएफ कैँप त्रिसुंडी में चल रही सेना भर्ती से बाहर निकलने वाले अभ्यर्थियों हंगामा करते रहे। शनिवार की तरह रविवार की रात में भी अभ्यर्थियों ने सड़क पर हंगामा किया। भोर में करीब 3 बजे से ही अभ्यर्थी सीआरपीएफ कैंप से निकलना शुरू हुए। कैंप से मकूनपुर तक अभ्यर्थियों का उत्पात जारी रहा। कैंप से शहर तक वह रास्ते में हंगामा करते रहे।
इससे लोगों को परेशान होना पड़ा। रविवार की रात करीब 3 बजे सीआरपीएफ कैंप के बाहर अभ्यर्थियों ने दो रोडवेज बस को रोकने का प्रयास किया। अभ्यर्थियों की भीड़ देख चालक ने बस नहीं रोकी। इससे नाराज अभ्यर्थियों ने बस पर पथराव कर दिया। इससे बस के पीछे का शीशा टूट गया। बस में बैठे यात्री सहम गए।
वहीं आसपास के लोग भी परेशान हो गए। अभ्यर्थियों के बवाल से अयोध्या प्रयागराज मार्ग पर देर रात आठ किमी तक लंबा जाम लग गया। कोहड़ौर, रामगंज, मकूनपुर, पूरेकोलाहल तक वाहन की कतार लग गई। अभ्यर्थियों के लगातार हंगामे से त्रिसुंडी कैँप के आसपास के इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस के सुरक्षा के इंतेजाम न के बराबर हैं।
वहीं ट्रेनों में भी अभ्यर्थियों का हंगामा जारी रहा। जिससे रेल यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर चल रहे वाहनों पर जबरन अभ्यर्थियों के बैठने से भी लोगों को परेशानी हुई। वहीं बसों पर अभ्यर्थी छत पर बैठे रहे। शहर में रेलवे स्टेशन, अस्पताल, रोडवेज बस स्टैंड सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर डेरा डाले हुए थे।
कोहड़ौर से गोड़े तक लगा रहा जाम
त्रिसुंडी में चल रही सेना भर्ती के दौरान अभ्यर्थियों ने हाइवे पर हंगामा शुरू कर दिया। हो-हल्ला करने लगे। इस बीच जाम लग गया। कोहड़ौर से गोड़े तो दूसरी ओर छिड़ा से रामगंज तक लंबा जाम लग गया। रविवार रात करीब तीन बजे से लगा जाम 11 बजे के बाद खत्म हुआ। तब कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
कोहडौर में सेना भर्ती में आये अभ्यर्थियों द्वारा तोड़ा गया रोडवेेज बस का शीशा।- फोटो : PRATAPGARH
त्रिशुंडी से सेना भर्ती से जान जोखिम में डाल बस की छत पर बैठकर यात्रा करते अभ्यर्थी।- फोटो : PRATAPGARH