नगर पंचायतों में साफ-सफाई की व्यवस्था पर अब ऑनलाइन नजर रखी जाएगी। वार्डों में कूड़ा वाहनों के समय से पहुंचने, नियमित कूड़ा उठान, कर्मचारियों की उपस्थिति सहित इन सभी पहलुओं की ऑनलाइन स्क्रीनिंग होगी।
जिले की 18 नगर पंचायतों के 55 कूड़ा वाहनों को जीपीएस से लैस किया जाएगा ताकि निगरानी रखी जा सके की कहां से कूड़ा उठाया जा रहा है कहां से नहीं। मनमानी पर रोक लगाने के लिए पहल की गई है।
जिले में नगरपालिका के साथ ही 18 नगर पंचायतें हैं। इनमें वार्डों को साफ-सुथरा बनाने पर पूरा फोकस है। समय-समय पर टीमें भी इसका मूल्यांकन करती हैं लेकिन वार्डों में समय से कूड़ा उठान न होने, नियमित वाहनों के न आने की शिकायतें सामने आती रहती हैं।
कई बार जन सुनवाई में भी कूड़ा उठान और वाहनों के पहुंचने को लेकर शिकायतें मिलती हैं। इन्हें रोकने के लिए ऑनलाइन निगरानी की व्यवस्था सुदृढ़ की जा रही है।
इन नगर पंचायतों के सभी वाहनों को जीपीएस से लैस किया जाएगा। उन्हें कार्यालय के पैनल से कनेक्ट किया जाएगा। इसकी निगरानी होगी। इसके अलावा कर्मचारियों को संबंधित वार्डों के फोटो भी भेजने होंगे। नगर पंचायतों के नोडल राकेश कुमार ने बताया कि कूड़ा वाहनों में जीपीएस लगाने का कार्य शुरू हो गया है। जल्द ही सभी वाहनों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग हो सकेगी।