प्रतापगढ़। दूसरे चरण के करीब 1501 शिक्षामित्रों में 1465 को शुक्रवार शाम नियुक्ति पत्र वितरित करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया। देर से नियुक्ति पत्र का वितरण प्रारंभ होने से सभी शिक्षामित्रों को नहीं मिल पाया है। शेष लोगों को शनिवार को बुलाया गया है।
दूसरे चरण में दूरस्थ बीटीसी का प्रशिक्षण लेने वाले शिक्षामित्रों को सहायक अध्यापक का नियुक्ति पत्र शुक्रवार शाम बांटा। विभाग ने 1465 शिक्षामित्रों का नियुक्ति पत्र तैयार कर शाम करीब पौने छह बजे से वितरण की कार्रवाई प्रारंभ की। जन्मतिथि के आधार पर नियुक्ति पत्र वितरण की कार्रवाई प्रारंभ होने के पहले समिति में शामिल अधिकारियों ने विकल्प पत्र और नियुक्ति पत्र में चयनित स्कूलों के नामों का मिलान किया।
बीएसए एसटी हुसैन स्वयं नियुक्ति पत्र का निरीक्षण कर हस्ताक्षर करते रहे। बीएसए कार्यालय में सुबह से ही शिक्षामित्रों का जमावड़ा रहा। महिला शिक्षामित्रों के साथ पुरुषों के आने से यह संख्या लगभग दो गुनी हो गई थी। विभाग ने वैसे दो बजे से नियुुक्ति पत्र वितरण की बात कही थी, मगर शाम छह बजे से वितरण प्रारंभ होने से विभागीय अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं शुक्रवार शाम नियुक्ति पत्र पाने वाले शिक्षामित्र मंदिरों में पहुंचकर प्र्रसाद बांटा। मां बेल्हा देवीधाम में देरशाम तक शिक्षामित्र मत्था टेककर प्रसाद बांटते रहे।