रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने पैरामेडिकल श्रेणी-2026 के तहत 590 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल rrbapply.gov.in पर जाकर 14 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं। शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 16 अक्तूबर निर्धारित की गई है।
इस भर्ती के माध्यम से नर्सिंग अधीक्षक, फार्मासिस्ट, डायलिसिस तकनीशियन, रेडियोग्राफर एक्स-रे तकनीशियन, ईसीजी तकनीशियन और लैब असिस्टेंट समेत कई अन्य पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती बोर्ड के अनुसार अंतिम परिणाम का इंतजार कर रहे छात्र इस प्रक्रिया के लिए पात्र नहीं होंगे। आवेदन की अंतिम तिथि तक अभ्यर्थियों के पास शैक्षणिक और तकनीकी योग्यता का होना अनिवार्य है। उम्मीदवार केवल एक ही आरआरबी से आवेदन कर सकते हैं।
एक से अधिक बोर्ड में आवेदन करने पर सभी फॉर्म रद्द कर दिए जाएंगे। रजिस्ट्रेशन के दौरान दी गई बुनियादी जानकारी में बाद कोई संशोधन नहीं होगा। हालांकि अन्य प्रविष्टियों में सुधार के लिए 17 से 26 अक्तूबर तक करेक्शन विंडो उपलब्ध रहेगी जिसके लिए 250 रुपये शुल्क देना होगा। जिन अभ्यर्थियों ने पिछले वर्षों में आरआरबी का खाता बनाया है, वे अपने पुराने क्रेडेंशियल से ही आवेदन कर सकेंगे।