फतनपुर इलाके में छात्राओं के साथ हुई छेड़छाड़ और मारपीट की घटनाओं के बाद एंटी रोमियो टीम सक्रिय हो गई है। सुवंसा क्षेत्र में एंटी रोमियो टीम ने कोचिंग के बाहर छात्राओं का वीडियो बना रहे शोहदों को पकड़कर थाने ले आई। युवकों का शांतिभंग में चालान कर दिया गया।
रानीगंज में कोचिंग जा रही छात्रा के साथ मारपीट की घटना के बाद फतनपुर इलाके में छात्राओं के साथ शोहदों ने मारपीट की थी। लगातार छात्राओं के साथ हो रही घटनाओं को लेकर एसपी डॉ. अनिल कुमार ने रविवार को महिला पुलिस कर्मियों के साथ बैठक की। मनचलों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने का निर्देश एंटी रोमियो टीम को दिया गया। एसपी के आदेश पर सक्रिय हुई एंटी रोमियो टीम ने सोमवार को सुवंसा इलाके में शोहदों के खिलाफ कार्रवाई की। दो युवक कोचिंग के बाहर छात्राओं का वीडियो बना रहे थे। कुछ दूर सिविल ड्रेस में खड़े टीम प्रभारी मुसाफिर राम के साथ महिला कांस्टेबल सारिका सिंह, साधना यादव मनचलों के साथ पहुंचकर मोबाइल छीन लिया। दोनों युवकों को हिरासत में लेकर टीम थाने पहुंची। पूछताछ के बाद शांतिभंग में चालान कर दिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों युवक कैलीडीह गांव के हैं।