कोरोना से संक्रमित एक और महिला ने एसआरएन में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसकी जानकारी होने पर जिले में हड़कंप मच गया। परिवार के लोग सांस फूलने व बुखार आने पर उसे जिला अस्पताल लाए थे, जहां से डाक्टरों ने एसआरएन रेफर कर दिया था। वहां बुधवार रात उसके कोरोना पीड़ित होने की पुष्टि हुई थी। जिले में अब तक कोरोना से संक्रमित छह लोगों की मौत हो चुकी है। मरीजों की संख्या बढ़कर 108 पहुंच गई है।
कंधई थाना क्षेत्र के धूती की रहने वाली 53 वर्षीय महिला की कुछ दिनों पहले तबियत खराब हुई। उसके पैरों में सूजन के साथ बुखार आ रहा था। सांस भी फूलने लगी। यह देख परिजन 21 जून को उसे लेकर सीएचसी पट्टी पहुंचे। उसकी हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोरोना के लक्षण देख डाक्टरों ने उसे तुरंत एसआरएन प्रयागराज रेफर कर दिया। परिवार के लोग उसे लेकर एसआरएन पहुंचे। उपचार के दौरान उसकी कोरोना जांच कराई गई। बुधवार की देर शाम उसकी रिपोर्ट पाजिटिव आई। यह देख स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। गुरुवार दोपहर उपचार के दौरान महिला की सांसें थम गईं। यह खबर मिलते ही घर पर कोहराम मच गया। इलाके में हड़कंप मचा रहा। देर शाम परिजनों ने शव का प्रयागराज में ही अंतिम संस्कार कर दिया। जिले में अब कोरोना से संक्रमित होकर मरने वालों की संख्या छह हो गई है।
डेढ़ माह पहले गुजरात से आया था पति
कंधई थाना क्षेत्र के धूती की कोरोना संक्रमित महिला की मौत के बाद परिवार के लोगों का यात्रा इतिहास खंगाला गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मृतका का पति डेढ़ माह पहले गुजरात से घर आया था। परिवार के कई सदस्य भी मुंबई व गुजरात से घर आए थे। हालांकि सभी लोगों की सेहत दुरुस्त है। किसी को कोई दिक्कत नहीं है।
परिजन हैरान, मृत महिला कहां हुई संक्रमित
कोरोना से संक्रमित महिला की मौत के बाद परिवार के लोग हैरान हैं। चूंकि परिवार के अधिकांश सदस्य करीब डेढ़ माह पहले बाहर से आए थे। किसी को कोई दिक्कत नहीं है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि अचानक महिला कहां संक्रमित हो गई। सप्ताह भर के भीतर उसकी अचानक तबियत खराब हुई। परिजन उसे अस्पताल में संक्रमित होने की आशंका जता रहे हैं।
प्रयागराज से धूती पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम, 70 लोगों का लिया सैंपल
प्रयागराज के एसआरएन में कोरोना से संक्रमित महिला की मौत के बाद वहां से स्वास्थ्य विभाग की टीम धूती भेजी गई। टीम ने मृतका के परिवार के 45 सदस्यों का सैंपल लिया। इसके अलावा आसपास के 25 लोगों का भी सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम धूती में दवाओं का छिड़काव व गांव के लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कराने की तैयारी में जुट गई।
पुलिस लाइन में बने कोविड केयर हेल्प डेस्क का एसपी ने लिया जायजा
कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए पुलिस लाइन में कोविड केयर हेल्प डेस्क बनाया गया है। गुरुवार को एसपी ने इसका जायजा लिया। यहां उन पुलिसकर्मियों को रखा गया है जो अवकाश लेकर घर गए थे। अवकाश पूरा होने के बाद ड्यूटी पर आने वाले पुलिसकर्मियों को क्वारंटीन सेंटर पर रखा गया है। जहां उनकी जांच डा. एके सिंह व डा. मनोज कुमार शुक्ला कर रहे हैं। क्वारंटीन पुलिसकर्मियों से भी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देश पर कोरोना से बचाव के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।