जिले के स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर तैनात एएनएम शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय में ऑनलाइन हाजिरी का विरोध की। मुख्यमंत्री को संबोधित सीएमओ को ज्ञापन देकर इस पर रोक लगाए जाने की मांग की।
महानिदेशक परिवार कल्याण ने स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता लाने के लिए उपस्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात एएनएम को ऑनलाइन हाजिरी लगाने का आदेश जारी कर दिया। आदेश के बाद सीएमओ की ओर से जिले के सभी सीएचसी अधीक्षकों को पत्र जारी कर ऑनलाइन हाजिरी लगवाने का निर्देश दिया गया।
इससे एएनएम खफा हो गईं। पहले सीएचसी अधीक्षक को ज्ञापन देकर इस पर रोक लगाए जाने की मांग की। मांग पूरी न होने पर संडवाचंद्रिका, पट्टी, कोहड़ौर, बाघराय, कुंडा सहित अन्य सीएचसी क्षेत्र के उपकेंद्रों पर तैनात एएनएम सीएमओ ऑफिस पहुंच गईं।
मुख्यमंत्री को संबोधित सीएमओ को ज्ञापन देते हुए एएनएम ने कहा कि वह फील्ड कर्मचारी हैं। उनका कोई कार्यालय नहीं है। उन्हें आठों दिन गांव में रहना पड़ता है। शिविर लगाकर मरीजों के चेकअप आदि भी किए जाते हैं।
ऐसे में ऑनलाइन हाजिरी लगाना असंभव है। इस दौरान रीता चौधरी, मधूमती, प्रीती श्रीवास्तव, सरला, सीमा, ममता, नेहा, सीतापती, अनीता, सावित्री, श्वेता, पूजा, वाहिदा, इंद्रावती और लक्ष्मी सहित सौ से अधिक एएनएम मौजूद रहीं।ं