शिक्षक भर्ती में चयन न होने से परेशान नगर कोतवाली के राम-राम चौराहा सरायवीरभद्र निवासी प्रतियोगी छात्र जीतबहादुर शर्मा (26) ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से घर में कोहराम मच गया। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।
जीतबहादुर शर्मा पुत्र देवनारायण शर्मा प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह पीसीएस की परीक्षा में भी शामिल हुआ, लेकिन कामयाबी हाथ नहीं लगी। हाल में हुई शिक्षक भर्ती में उसे चयन होने की उम्मीद थी, लेकिन इसमें भी उसे निराश होना पड़ा।
इससे वह काफी परेशान था। उसका अधिकांश समय घर में ही बीतता था। चिलबिला चौकी प्रभारी ने बताया कि जीतबहादुर पढ़ने में तेज था। शिक्षक भर्ती में चयन न होने के कारण वह उदास रहता था। सोमवार की रात उसने घर के भीतर फांसी लगाकर जान दे दी। मंगलवार की सुबह परिजन सोकर उठे तो उसका शव फंदे से लटकता देखकर दंग रह गए। परिवार के सदस्यों के रोने-बिलखने पर आसपास के लोग दौड़ पड़े। लोगों ने शव को नीचे उतारा और सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।