तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से तीन वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
उदयपुर थाना के पूरे वैसन आहरबीहर गांव निवासी राजू सरोज की तीन वर्षीय पुत्री मान्या सोमवार की दोपहर घर के समीप से सड़क के किनारे खेल रही थी। इसी बीच एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिजन लहूलुहान मासूम को इलाज के लिए स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए। यहां चिकित्सक ने मासूम को मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना के बाद भाग रहे डंपर चालक को ग्रामीणों ने घेर लिया। ग्रामीणों ने चालक को कब्जे में लेकर पुलिस को सुपुर्द कर दिया। उदयपुर के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी। संवाद