कोतवाली के बेलहा कान का पुरवा में पड़ाेस के बच्चों के साथ खेलते समय तालाब में डूबने से चार वर्षीय मासूम बालक की मौत हो गई। यह देख परिजन रोने बिलखने लगे।
सोमवार को परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। बेलहा कान का पुरवा निवासी बुधराम निषाद का चार वर्षीय मासूम पुत्र वीर निषाद रविवार की देर शाम अपने घर के सामने तालाब के पास पड़ोस के बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलने के दौरान वह अचानक तालाब में गिर गया। साथ खेल रहे बच्चों के शोर मचाने पर परिजन दौड़कर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद परिजन उसे बाहर निकालने में कामयाब हुए।
आनन-फानन में उसे उपचार के लिए लालगंज ट्राॅमा सेंटर ले जाया गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिजन रोने बिलखने लगे। वह दो भाइयों में छोटा था। बड़े भाई देव निषाद व मां शालिनी रोते बिलखते रहे। सोमवार को परिजनों ने गांव में ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि घटना की उन्हें जानकारी नहीं है।