नगर के सरस्वती विद्या मंदिर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पीजी कालेज में शुक्रवार को अमर उजाला की ओर से पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस उपाधीक्षक ने छात्राओं को विस्तार से पुलिसिंग के तौर-तरीके समझाए। सीओ रमेशचंद्र ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि फेसबुक व व्हाट्सएप पर अनजान लोगों से चैटिंग व दोस्ती कदापि न करें।
अनजान लोगों पर भरोसा करने से छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। शरारतीतत्वों द्वारा सोशल मीडिया का दुरुपयोग किया जा रहा है। यदि किसी अनजान नंबर व फेसबुक अकाउंट से छात्राओं को परेशान किया जा रहा है, तो इसकी शिकायत तत्काल पुलिस से करनी चाहिए। पुलिस को मौका दीजिए, सूचना उपलब्ध कराइए, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें सबक सिखाया जाएगा। पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि कई बार ऐसा भी होता है कि शिकायत पर पुलिस रिपोर्ट नहीं दर्ज करती है।
इसे पुलिस की मनमानी या लापरवाही कदापि नहीं कही जानी चाहिए। पुलिस का प्रयास होता है कि एक बार वह किसी भी व्यक्ति को समझाए, लेकिन इसके बाद भी पुलिस की चेतावनी का असर नहीं हुआ तो कार्रवाई हर हाल में की जाती है। सीओ ने छात्राओं को शासन द्वारा संचालित डायल हंड्रेड, महिला हेल्पलाइन, एंटी रोमियो दल आदि के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थिति में महिलाएं इन सुविधाओं का लाभ अपनी सुरक्षा के लिए ले सकती हैं।
उन्होने कहा कि प्राय: महिलाएं व छात्राएं अपना नाम प्रकाश में आने से बचने के लिए मनचलों की शिकायत नहीं करती हैं। लेकिन यदि वे चाहें तो पुलिस के पास शिकायतें देते वक्त इसकी जानकारी दें देें, जिस पर पुलिस पीड़िता के नाम का खुलासा किए बिना ही आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगी। सीओ ने छात्राओं को अपनी निजी जानकारी कभी शेयर नहीं करने की सलाह भी दी। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. अमित सिंह, रूबीता सिंह, नवीनचंद्रा, अनीता त्रिपाठी, डॉ. अंबिकेश त्रिपाठी, डॉ. आशुतोष शुक्ल, धर्मेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
लालगंज के सरस्वती विद्या मंदिर पीजी कॉलेज में अमर उजाला द्वारा आयोजित पुलिस की पाठशाला जुटी छात?- फोटो : PRATAPGARH