फोटो 000
अपने साथ पास-पड़ोस की घटनाओं की भी पुलिस को दें जानकारी
पुलिस की पाठशाला में एंटी रोमियो प्रभारी ने छात्राओं को किया जागरूक
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। स्कूल व कोचिंग जाते समय या फिर बाजार में यदि कोई आप पर फब्तियां कसे या अभद्रता करे तो इसे नजरअंदाज न करें। ऐसी हरकतों के खिलाफ आप मुखर हाें। ताकि मनचलों का मनोबल न बढे़ और उनके खिलाफ कार्रवाई हो सके। ऐसी घटनाओं में यदि आप चुप्पी साधेंगी तो ऐसे अपराध बढ़ेंगे। इसलिए अपने साथ होने वाली घटनाओं के साथ पास-पड़ोस में आपराधिक गतिविधियां होने पर भी इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
अमर उजाला के अभियान अपराजिता : 100 मिलियन स्माइल के तहत शुक्रवार को शहर के आनंद वन इंटर कालेज में आयोजित पुलिस की पाठशाला में एंटी रोमियो टीम की प्रभारी प्रीती रानावत ने छात्र-छात्राओं को बेहतर पुलिसिंग के गुर बताए। उन्होंने कहा कि आपके साथ वारदात कहीं भी हो सकती है। आपको गुड टच और बैड टच का फर्क समझ में आना चाहिए। आप घर में भी प्रताड़ना का शिकार हो सकती है। इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए तुरंत पुलिस की मदद लें। रास्ते में आते- जाते कोई शोहदा परेशान करे तो उसका बाइक नंबर नोट कर पुलिस को सूचना दें। फोन पर कोई परेशान कर रहा हो तो 1090 की मदद ली जा सकती है। आपकी पहचान गुप्त रखी जाएगी और समस्या दूर करने के बाद फीडबैक भी लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम शिकायत होती है कि पुलिसवाले शिकायत नहीं सुनते हैं, ऐसी स्थिति में संबंधित पुलिसकर्मी या फिर थाना इंचार्ज का नाम और उसकी रैंक नोट कर ऊपर के अधिकारी से शिकायत करें। अगर वहां भी सुनवाई न हो तो उससे भी बडे़ अधिकारी से शिकायत करें। बिल्कुल कार्रवाई होगी।
अपराजिता के बैनर तले शुकुलपुर स्थित आनन्दवन इंटर कालेज में आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम मे- फोटो : PRATAPGARH