मॉडल डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन चुनाव की मतगणना के दौरान मंगलवार को मनमानी का आरोप लगाकर अधिवक्ताओं ने हंगामा करना शुरू कर दिया। विरोध के बीच कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी गौरव पांडेय ने पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं और अन्य लोगों ने किसी तरह उन्हें रोक लिया।
मतगणना के दौरान एल्डर कमेटी पर पारदर्शिता न बरतने के आरोप लगाए गए। इसे लेकर नारेबाजी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बार परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। इसी दौरान गौरव पांडेय ने नाराज होकर आत्मदाह का प्रयास किया तो अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलते ही सीओ शिवांग सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अधिवक्ताओं को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। कई अधिवक्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। फिलहाल, मामले को लेकर बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कोई बयान जारी नहीं किया है।
मतगणना के दौरान कुछ लोगों ने गड़बड़ी का आरोप लगाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया था। मौके पर तैनात पुलिस बल ने तत्काल स्थिति संभालते हुए माहौल को नियंत्रित कर लिया। मामले की जांच कराई जा रही है, आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।
- सत्यनारायण प्रजापत, एसपी