बंजर जमीन की पैमाइश के लिए रुपये लेने वाले लेखपाल को उपजिलाधिकारी पट्टी ने सस्पेंड कर दिया है। तहसीलदार की रिपोर्ट मिलने के बाद एसडीएम ने सख्त कदम उठाया। लेखपाल का रिश्वत लेने वाला वीडियो सोमवार को वायरल हुआ था। इसे प्रशासन ने गंभीरता से लिया था।
पट्टी तहसील के सलाहपुर क्षेत्र के लेखपाल राकेश सिंह पर आरोप था कि उसने मझौली निवासी बाबूराम व धर्मराज सिंह के सलाहपुर स्थित जमीन के बगल बंजर भूमि की पैमाइश के लिए रुपये मांगे थे। भुक्तभोगियों का आरोप है कि लेख्ापाल ने कहा था कि पैसे देने के बाद ही वह भूमि अलग करेगा। इस पर बाबूराम और धर्मराज ने अफसरों को सूचना दी। कई बार तहसील प्रशासन को प्रार्थनापत्र देकर सरकारी जमीन की पैमाइश की भी मांग की। सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ तो अफसरों में हड़कंप मच गया। लेख्ापाल पर लगे आरोपों के मामले की अफसरों ने गंभीरता से जांच कराई। बताया जा रहा है कि तहसीलदार से इस पूरे मामले की जांच कराई गई। इसके बाद एसडीएम जेपी मिश्रा ने मंगलवार को आरोपी लेखपाल राकेश सिंह को निलंबित कर दिया। एसडीएम की कार्रवाई से तहसीलकर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है। उन्होंने बताया कि आरोपों की जांच कराई गई थी। रिपोर्ट के आधार पर ही लेख्ापाल पर कार्रवाई की गई है।