फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भूकंप के बाद बारिश-तूफान का कहर, चार मरे

Tue, 28 Apr 2015 11:26 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रतापगढ़/सगरासुंदरपुर/कुंडा/बाघराय/हीरागंज। भूकंप से परेशान लोगों पर मंगलवार सुबह बारिश और तूफान का कहर बरपा। तेज हवाएं चलने से जिले में दर्जनों पेड़ उखड़ गए। इनकी चपेट में आने से कई लोग जख्मी हो गए। यातायात ठप हो गया। तार टूटने और खंभे गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बारिश के दौरान बिजली गिरने से कुंडा और लालगंज तहसील क्षेत्र में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि नौ लोग झुलस गए। भूकंप के बाद नेपाल में खराब हुए मौसम का असर यहां भी दिखा। जिले के कई इलाकों में सुबह करीब आठ बजे के आसपास 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। जिले में करीब 2.5 मिलीमीटर बरसात हुई।
विज्ञापन



लालगंज तहसील के सांगीपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर इलाके के मिश्रपुर सरपतहा में राजकुमार दुबे का ईंट भट्ठा है। यहां छत्तीगढ़ के भिलाई थाना क्षेत्र के खैरा बलौदा गांव का एक कुनबा मजदूरी के सिलसिले में आया है। परिवार के लगभग 26 सदस्य अलग-अलग झुग्गी में रहते हैं। मंगलवार की सुबह लगभग नौ बजे अचानक आंधी व तेज बारिश होने लगी। मजदूर अपनी-अपनी झुग्गियों में चले गए। इस बीच अचानक तेज गरज और चमक के साथ बबलू की झुग्गी पर बिजली गिरी। चपेट में आने से परिवार के सभी नौ सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को लालगंज सीएचसी लाया गया। यहां अनुपमा (23) पत्नी बबलू व कोमल (04) पुत्री गणेश को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से झुलसे मेघनाथ (28), कुंती (42), ऐना बाई (50), ओमकुमारी (06), बबलू (25), गणेश (30) व उर्मिला (28) का इलाज चल रहा है। सूचना पर लालगंज के एसडीएम रामप्रकाश व सीओ सीताराम के साथ तहसील प्रशासन सीएचसी पहुंचा। एसडीएम ने भट्ठा संचालक से फोन कर मृतकों के अंतिम संस्कार व घायलों के इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने चिकित्सकों को भी झुलसे मजदूरों के बेहतर इलाज के इंतजाम का निर्देश दिया।



उधर, कुंडा तहसील के बाघराय थाना क्षेत्र के दरौलिया जालिमगंज निवासी लालती देवी (55) जानवर लेकर बाहर निकली थी। गांव के बाहर पहुंचते ही तेज हवाएं चलने लगीं। इसके बाद हल्की बरसात भी शुरू हो गई। लालती देवी ने जानवरों को घर ले जाना चाहा, लेकिन इतने में तेज चमक के साथ बिजली गिरी। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। जानकारी होने पर आसपास के लोग भागकर मौके पर पहुुंचे और उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उसी जगह गांव की शशी (10) पुत्री रामआसरे भी झुलस गई। उसे इलाहाबाद रेफर किया गया है। सूचना पर राजस्व निरीक्षक कौशलेंद्र सिंह, लेखपाल हनुमत प्रसाद तिवारी, अमरेश सिंह, पारसनाथ ने लिखापढ़ी की। उधर, महेशगंज थाना क्षेत्र के पुरमई सुल्तानपुर गांव में मंगलवार की सुबह सुषमा देवी (40) पत्नी जग्गनाथ पाल किसी काम से घर से बाहर निकली थी। इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में तेज चमक के साथ बिजली गिरी और वह झुलस गई। ग्रामीण उसे उठाकर घर ले आए। इस दौरान उसकी मौत हो गई। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के सराय छत्ता गांव निवासी रामदुलारे सरोज की भैंस भी बिजली गिरने से मर गई।
विज्ञापन




इसके अलावा कई जगह पर पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट गए। इससे गांव की सप्लाई बाधित हो गई। उधर, बाघराय थाना क्षेत्र के ठकुराइन का पुरवा निवासी धर्मराज (30) छत से अनाज उतार रहे थे। इस बीच तूफान आ गया। वह अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़े। इससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। पट्टी तहसील क्षेत्र के आसपुर देवसरा थानांतर्गत बिरौती गांव की राजदेयी (65) भूसा लेकर जा रही थी। तेज हवा चलने से नीम के पेड़ की डाल गिर गई। चपेट में आने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मानधाता थाना क्षेत्र के लाखापुर गांव निवासी खुजियाइन (55) आम का पेड़ गिरने से चपेट में आकर घायल हो गई।



 उसे भी जिला अस्पताल लाया गया। कोहड़ौर के मलाक गांव में जितेंद्र (35), इनके पिता हौसला सिंह (55), रामसुंदर (75), इनीबी (70) पत्नी बबना सिंह मंगलवार सुबह टीन शेड के नीचे बैठे थे। तूफान के दौरान टीन शेड पर पेड़ गिर गया। इससे सभी लोग दब गए। उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। पट्टी के ढकवा में सुबह नौ बजे तूफान के दौरान दुकान ढह गई। देवरखा गांव में बिजली गिरने से विभा यादव (16) गंभीर रूप से झुलस गई। पट्टी क्षेत्र में ही रिटायर्ड शिक्षक बैजनाथ (70) तूफान के दौरान कुएं में जा गिरे। उन्हें किसी तरह बाहर निकाला गया। स्थानीय अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। कंधई थाना क्षेत्र के रूदापुर गांव में गेंदालाल विश्वकर्मा के तीन कमरों का टीन शेड उड़ गया। बारिश से अनाज भीग गया। परिवार के लोग अब पेड़ के नीचे तिरपाल डालकर रह रहे हैं। इधर, शहर में जेल रोड निवासी निशाकांत श्रीवास्तव का टीन शेड आंधी के दौरान उड़ गया। चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें