शनिवार की रात ट्रेन के सामने कूदने वाली महिला की शिनाख्त होने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। युवती के परिजनों का आरोप है कि उसे मोहल्ले के एक युवक ने शादी का झांसा देकर तीन माह तक अपने साथ रखा। बाद में उसने शादी से इनकार कर दिया। इससे तंग आकर वह ट्रेन के सामने कूद गई। अजीत नगर कोतवाली के अजीत नगर निवासी मो. इस्लाम की बेटी शाहिदा की शादी छत्तीसगढ़ में हुई थी। कई माह पहले शाहिदा पति को तलाक देकर अपने पिता के साथ रहने गुजरात चली गई।
शाहिदा के चाचा चांद ने बताया कि इसी बीच उसकी दोस्ती मोहल्ले के सईद के साथ हो गई। सईद उसे शादी का झांसा देकर तीन माह तक अपने साथ रखा। इस बात की जानकारी जब चांद को हुई तो वे अपनी भतीजी को घर लेकर चला गया। चांद की मानें तो शनिवार को सईद उसके घर के पास पहुंचा और उसे बुलाकर अपने साथ ले गया। दोनों में शादी की बात को लेकर कुछ कहासुनी हुई। इसके बाद शाहिदा ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर कपूर चौराहे के पास पहुंचे और बीच सड़क पर रख कर जाम लगा दिया। परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज करने और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर कोतवाल बलिराम मिश्र पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन देकर जाम खत्म करवाया। करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा।