हाईस्कूल की टॉपर श्रेया सिंह को मिठाई खिलाते परिवार वाले
- फोटो : अमर उजाला
प्रतापगढ़। यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश की टॉपटेन सूची में वर्षों बाद बेल्हा को स्थान मिला है। श्री चंद्रिका इंटरमीडिएट कॉलेज संडवा चंद्रिका की बेटी गार्गी ने 474 अंक पाकर प्रदेश की टॉपटेन सूची में छठां स्थान हासिल किया है। गांव में रहकर पढ़ाई करने वाली गार्गी के पिता उसी स्कूल में अध्यापक हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का रिजल्ट इस वर्ष काफी नीचे खिसक गया है। इसके बावजूद गांव के बेटियों ने जिले के साथ ही यूपी में अपना नाम कमाया है। प्रदेश के टॉपटेन सूची में छठवां स्थान हासिल करने वाली संडवा चंद्रिका विकास खंड के श्री चंद्रिका इंटरमीडिएट कॉलेज की छात्रा गार्गी रही हैं। सूबे की टॉपटेन की सूची में लंबे समय से गायब रहने वाला बेल्हा का रिजल्ट भले ही इस वर्ष खराब रहा हो, मगर गार्गी ने प्रदेश में स्थान हासिल करके जिले का मान बढ़ाया है। इससे सिर्फ छात्रा के परिजन ही खुश नहीं हैं, बल्कि शिक्षा विभाग के अधिकारी भी हर्ष है। पूर्व के वर्षों में बेल्हा में पास होने वाले बच्चों की संख्या अधिक होने के साथ ही मंडल में स्थान मिलता था, मगर सूबे के टॉपटेन की सूची में किसी को स्थान नहीं मिलता था।