जिले में सर्द हवाओं का सितम जारी है। बुधवार को बादलों के बीच सूरज दिनभर छिपा रहा। वहीं, ठिठुरन से घरों में लोग कैद रहे। दोपहर में कुछ देर के लिए हल्की धूप निकली लेकिन इसके बाद भी गलन का एहसास होता रहा। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है।
मंगलवार रात से ही छह किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चली सर्द हवाओं ने गलन बढ़ा दी। जिसके चलते बुधवार सुबह कोहरा कम दिखा। लेकिन, आसमान में बादल छाए रहे। मंगलवार के सापेक्ष बुधवार को अधिकतम तापमान 2.7 डिग्री बढ़कर 17.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जबकि रात का तापमान 1.7 डिग्री कम होकर 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 12 जनवरी तक सर्दी से राहत के आसार नहीं हैं। सनई अनुसंधान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक देशराज मीना ने बताया कि पश्चिमी हवाओं के चलने से गलन और सर्दी जारी रहेगी। आगामी 24 घंटे में घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं।