दिलीपपुर थाना क्षेत्र के कोठियाही गांव के पास शुक्रवार रात हत्या का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पृथ्वीगंज। दिलीपपुर थाना क्षेत्र के कोठियाही गांव के अनिल पटेल, 23 की शुक्रवार रात गांव के पास ही शराब पीने के बाद दोस्त ने ही मामूली विवाद में चाकू घोंप कर हत्या कर दी। शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मामले की जांच में जुटी पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
कंधई थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव के जगतपाल का बेटा अनिल पटेल 23 दिलीपपुर थाना क्षेत्र के कोठियाही गांव में नाना रामसुमेर के घर रहता था। शुक्रवार की रात अनिल ने अपने दोस्त पंकज के साथ गांव के खेत के पास ही शराब पी। इस दौरान मामूली बात पर विवाद के दौरान आरोपी पंकज ने अनिल के पेट में चाकू घोंप दिया।
घायल के शोर मचाने पर पहुंचे परिजनों सहित ग्रामीणों की मदद से उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया जहां उपचार के पहले ही उसे मृत घोषित कर दिया गया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव पिता। बड़ा भाई प्रदीप, छोटा भाई सुनील शव लेकर पहुंचे तो मां लालती सहित परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना के बाद से आरोपी पंकज फरार है। दिलीपपुर एसओ राधेश्याम ने बताया, आरोपी पर हत्या का मुकदमा मृतक के छोटे भाई सुनील की शिकायत पर दर्ज किया गया है। तलाश में दो टीमें लगी हैं। मामूली बात पर दोनों में शराब पीने के दौरान विवाद की बात सामने आई है।
.........
पेट, सीने के पास चाकू के तीन वार से हुई मौत
मृतक अनिल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक चाकू का एक वार पेट के पास लगा, दूसरा फेफड़े जबकि चाकू का तीसरा घाव दिल पर हुआ। दिल के करीब वाकू लगने से अधिक खून बहने से मौत हुई। चाकू के एक वार से फेफड़ा भी पंचर हुआ। .........
00
मारपीट के मामले में जेल गया था आरोपी
मृतक अनिल का हत्यारोपी पंकज मारपीट के मामले में करीब दो वर्ष पहले जेल जा चुका है। वह शराब के नशे का आदी है। मृतक तथा आरोपी की गहरी दोस्ती भी थी। शुक्रवार की रात विवाद में चाकू घोंपकर पंकज ने अनिल को मौत के घाट उतार दिया।