युवती से प्रेम विवाह करने से नाराज पड़ोसियों ने सीओ के घर में घुसकर बेटे को जमकर मारा पीटा और तोड़फोड़ की। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
कुंडा कोतवाली क्षेत्र के स्थानीय कस्बा रजनपुर मोहल्ला निवासी वासुतोष ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह पड़ोस की 25 वर्षीय प्रीति सरोज से प्यार करता था। तीन सितंबर 2024 को दोनों की सहमति पर आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। इससे नाराज प्रीति के परिजन उसे प्रताड़ित करते रहते हैं।
इसी रंजिशवश बृहस्पतिवार की शाम उस पर हमला बोल दिया। दबंगों ने घर में घुसकर उसे जमकर मारा पीटा और तोड़फोड़ की। इसके बाद उसे पीटते हुए घर के बाहर ले आए। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस आते देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।
मामले में पुलिस ने सेना से सेवानिवृत्त एक व्यक्ति को हिरासत में लिया था, जिसका शांतिभंग में चालान कर दिया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। घायल वासुतोष के पिता संतलाल सरोज पुलिस विभाग में एसीपी के पद पर प्रयागराज में तैनात हैं। इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।