जिले की सभी बैंक शाखाओं में प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत 26 जनवरी के बाद खाते नहीं खुलेंगे। इस योजना के तहत जिले में 98,491 खाते खोलने का लक्ष्य रखा गया था। इसके सापेक्ष 15 जनवरी तक 1,10,363 खाते खोले जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत खाता खुलवाने के लिए अंतिम तिथि 26 जनवरी निश्चित की गई है। एलडीएम उमानाथ द्विवेदी ने सभी बैंकों को पत्र जारी कर सख्त हिदायत दी थी कि खाता खोलवाने के लिए आने वाले ग्राहकों की किसी भी दशा में वापस न किया जाए।
उन्होंने बताया कि जिले में 4,38,936 परिवार हैं। इनमें से 3,40,445 परिवारों के सदस्य पहले ही निकट की शाखाओं में खाता खोलवा चुके थे। जन-धन योजना के तहत 98,491 परिवारों का खाता खोलने का लक्ष्य रखा गया था। जिले भर में अभियान में 15 जनवरी तक 1,10,363 खाते खोले गए। विभागीय अधिकारियों की मानें तो अभी लगभग दो हजार लोग खाता खोलवाने से वंचित रह गए हैं। एलडीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत खाता खोलवाने वाले ग्राहकों को एक लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और तीस हजार रुपये का बीमा किया जाता है। उन्होंने खाता खोलवाने से वंचित लोगों को 26 जनवरी के पूर्व निकट की शाखा से संपर्क करने को कहा है।