कुंडा तहसील परिसर में प्रदर्शन करते अधिवक्ता।
- फोटो : PRATAPGARH
अधिवक्ताओं ने सोमवार को तहसील में जमकर हंगामा किया। इस दौरान महेशगंज एसओ के खिलाफ नारेबाजी की गई। वकीलों ने जमीन के विवाद को लेकर भाजपा नेता पर गंभीर आरोप लगाए। बाद में जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
सिविल बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने सोमवार को तहसील में जमकर हंगामा किया। इस दौरान महेशगंज एसओ के खिलाफ नारेबाजी की गई। कहा कि अधिवक्ता विनय कुमार शुक्ल अपने काम से 10 अक्तूबर को हीरागंज ऐंधा गए थे। वहां वह वादी के घर बैठे थे।
आरोप है कि इस दौरान ऐंधा निवासी अभय प्रताप सिंह उर्फ पप्पन सिंह पुत्र अमर बहादुर सिंह अपने रायफलधारी सरकारी व प्राइवेट गार्डों के साथ पहुंचे और उन्हें गालियां देने लगे। साथ ही उनकी तरफ रायफल और पिस्टल तान दी। उन्हें गाड़ी में बैठाकर ले जाने लगे। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे तो उन्हें छोड़कर चले गए।
वकीलों ने इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। कहा कि यदि रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई तो अधिवक्ता आंदोलन को बाध्य होंगे। इस दौरान तहसील के दि बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने भी दीवानी के अधिवक्ताओं का समर्थन किया।