विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह तथा अधिवक्ता उमेश पाल की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या से आक्रोशित वकील सोमवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे। जुलूस निकालकर नारेबाजी के बाद हड़ताल का प्रस्ताव सौंपा। अधिवक्ताओं पर हमले के मामले में कार्रवाई की मांग भी की गई।
कचहरी परिसर में सोमवार को जूनियर बार एसोसिएशन सहित अलग- अलग अधिवक्ता संगठनों ने उमेश पाल की हत्या की बाबत कार्रवाई को लेकर हुंकार भरी। अधिवक्ता संदीप कुमार, सुनील, विशाल पर जानलेवा हमले के मामले में कार्रवाई की मांग भी की गई।
कचहरी परिसर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन भी किया। इस मौके पर जूनियर बार के अध्यक्ष इंदुभाल मिश्र, महामंत्री संतोष नारायण मिश्र, अजय त्रिपाठी, मयंक शेखर, हरीश शुक्ला, मकरंद शुक्ला, अजीत ओझा, शिव प्रकाश मिश्र समेत अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
रुरल बार के पदाधिकारियों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
प्रयागराज के अधिवक्ता उमेश पाल की हत्या के मामले में कड़ी निंदा करने के बाद रुरल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विभिन्न मांगों का ज्ञापन डीएम डॉ.नितिन बंसल को सौंपा। एडवोकेट प्रोटेक्शन को जल्द लागू कराने व अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुक्कू ओझा, जिलाध्यक्ष अंजनी सिंह बाबा आदि मौजूद रहे।