पट्टी ब्लॉक में तैनात एडीओ पंचायत धनंजय कुमार को निलंबित कर दिया गया है। उन पर सफाई कर्मचारियों से अवैध वसूली और जाति सूचक शब्दों से गाली देने का आरोप है। डीएम के पत्र को संज्ञान में लेते हुए पंचायतीराज निदेशक राज कुमार ने निलंबन का पत्र जारी किया। उन्हें डीपीआरओ कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। इस मामले की जांच डिप्टी डायरेक्टर प्रयागराज को सौंपी गई है।
जिले के पट्टी और मंगरौरा विकास खंड में सफाई कर्मचारियों से वसूली का मामला दो माह से चर्चा में है। पट्टी और मंगरौरा के सफाई कर्मचारियों ने डीएम से मिलकर आरोप लगाया था कि एडीओ पंचायत प्रति माह वेतन भुगतान के नाम पर वसूली करते हैं। यही नहीं कर्मचारियों से बातचीत में अपशब्दों का प्रयोग कर जातिसूचक गालियां देते हैं।
डीपीआरओ आलोक कुमार सिन्हा ने बताया कि एडीओ पंचायत पट्टी की शिकायत लगातार मिलने के कारण निदेशक को पत्र लिखा गया था। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत अधिकारी पवन सरोज को एडीओ पंचायत का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
चार ग्राम पंचायतों में नए वीडीओ की हुई तैनाती
जिले के चार ग्राम पंचायतों में नए सचिवों की तैनाती की गई है। संडवा चंड़िका के भवानीपुर, जोगीपुर, कमालुद्दीनपुर में रोमी सिंह, नरी, बोझवा, धरौली, बंडाखुटार में फरीद अहमद, कुंडा के महराजपुर दरियापुर, नौबस्ता, साजा में कुलदीप त्रिपाठी, बेलखरनाथधाम ब्लॉक के दिलीपपुर, बसीरपुर, प्रेमधरपट्टी, रतनमई में वीरेंद्र सरोज की तैनाती की गई है।