कोरोना संक्रमित एडीएम की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आने पर मंगलवार को उन्हें जिला अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब वह दो सप्ताह अपने आवास पर क्वांटीन रहेंगे। सीएमओ और सीएमएस ने मंगलवार को गुलदस्ता भेंटकर उन्हें अस्पताल से विदा किया। इधर, रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद पहली बार मंगलवार को डीएम भी कैंप कार्यालय से बाहर निकले और कैबिनेट मंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने मानधाता के बेलखरी गांव पहुंचे। एडीएम के पॉजिटिव आने के बाद जिलाधिकारी ने एहतियात के तौर पर जांच कराई थी।
कोरोना काल में बढ़कर-चढ़कर प्रवासी मजदूरों की मदद करने वाले एडीएम की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आने पर मंगलवार को उन्हें जिला अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मंगलवार को दोपहर सीएमओ डा. अरविंद श्रीवास्तव, सीएमएस डा. पीपी पांडेय ने एडीएम को गुलदस्ता देकर उनके स्वस्थ होने की बधाई दी। सीएमओ ने बताया कि एडीएम को दो सप्ताह आवास में होम क्वारंटीन रहने को कहा गया है।
इधर, डीएम डा. रुपेश कुमार की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद वह भी मंगलवार को कैंप कार्यालय से बाहर निकले। दरअसल, एडीएम के पॉजिटिव आने पर डीएम ने स्वयं को क्वारंटीन कर लिया था। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्होंने विभागीय कार्यों को निपटाने के साथ भाग-दौड़ का कार्य भी प्रारंभ कर दिया है। मंगलवार को उन्होंने मानधाता स्थित बेलखरी गांव में शहीद दरोगा अनूप सिंह के घर पहुंचकर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।
मोती सिंह के परिजनों की नहीं आई अभी रिपोर्ट
कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह के परिजनों की कोरोना रिपोर्ट अभी नहीं आई है। सीएमओ ने बताया कि बुधवार को रिपोर्ट आने की संभावना है। हालांकि परिवार के सदस्य सावधानी बरत रहे हैं।
कोरोना मरीज मिलने पर सील हुआ ऊछापुर गांव
सांगीपुर विकास खंड के ऊछापुर में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद मंगलवार को गांव सील कर दिया गया। डीएम डा. रुपेश कुमार ने गांव के 14 दिनों के लिए सील करते हुए मजिस्ट्रेट के रूप में गांधी इंटर कालेज सांगीपुर के शिक्षक रंजन त्रिपाठी और चंद्रप्रकाश त्रिपाठी को मजिस्ट्रेट नामित किया है।
बिहार एडीओ पंचायत निलंबित
जिले के बिहार विकास खंड में शौचालय का निर्माण पूरा नहीं होने पर डीपीआरओ रविशंकर द्विवेदी ने प्रभारी एडीओ पंचायत प्रभुनाथ को निलंबित कर दिया है। उन्होंने कहा है कि पूरे जिले में जांच चल रही है, जो लोग दोषी मिलेंगे, उन्हें दंडित किया जाएगा।
हेल्प डेस्क के लिए बैठक 9 को
उप्र कामगार और श्रमिक आयोग तथा प्रवासी श्रमिकों की कैरियर काउंसलिंग कराने और हेल्प डेस्क स्थापित करने के लिए 9 जुलाई को विकास भवन में सीडीओ की अध्यक्षता में बैठक होगी। यह जानकारी श्रम प्रवर्तन अधिकारी डा. महेंद्र सिंह ने दी है।