Additional buses will run at the time of canceled trains
तीन जोड़ी ट्रेनों के निरस्त होने के बाद राज्य सड़क परिवहन निगम वाराणसी और लखनऊ जाने वाले यात्रियों के सहूलियत के लिए पांच अतिरिक्त बसों का संचालन करने जा रहा है। जंक्शन से छूटने वाली ट्रेनों के समय पर ही प्रतापगढ़ डिपो से बस का संचालन किया जाएगा। जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
प्रतापगढ़ जंक्शन होकर गुजरने वाली जनता एक्सप्रेस, हरिद्वार एक्सप्रेस और प्रतापगढ़-वाराणसी वीपी पैसेंजर को एक दिसंबर से रेलवे बोर्ड ने कोहरे की धुंध के चलते निरस्त कर दिया। इसके चलते रेल यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। यात्रियों की असुविधा को देखते हुए परिवहन निगम ने नया फैसला लिया है।
प्रतापगढ़ जंक्शन से जिस समय पर ट्रेनों का संचालन होता था, ठीक उसी समय पर प्रतापगढ़ डिपो से निगम की बस को रवाना किया जाएगा। वाराणसी और लखनऊ के लिए पांच अतिरिक्त बसों का संचालन करने जा रहा है। हरिद्वार के लिए एक तो प्रयागराज के लिए दो बस संचालित होगी।
एआरएम पीके कटिहार ने बताया कि दिल्ली रुट पर बसों का फेरा बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्री वाराणसी से दिल्ली या फिर लखनऊ को जाने वाली जनरथ बस का आरक्षण टिकट प्रतापगढ़ बस स्टैंड से खरीद सकते हैं। उनकी सीट आरक्षित हो जाएगी। बस को चाहे जहां से पकड़े, सीट पर बैठे दूसरे यात्री को परिचालक उठा देगा। कंफर्म सीट वाले को ही जगह दी जाएगी।