डीएम शिव सहाय अवस्थी ने बृहस्पतिवार को कैंप कार्यालय सभागार में गैस एजेंसी संचालकों और पेट्रोल पंप मालिकों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि जनसामान्य को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गैस सिलिंडर की कालाबाजारी पर सख्त निगरानी रहेगी।
कहा कि एजेंसी द्वारा गैस सिलिंडर की कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गैस एजेंसी मालिकों ने डीएम को बताया कि जिले में गैस सिलिंडर पर्याप्त उपलब्धता है। गैस बुकिंग से जुड़ा मोबाइल एप सही तरीके से कार्य नहीं कर रहा है, जिस कारण उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग कराने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही डीएम ने पेट्रोल पंप संचालकों को बोतल या डिब्बे में पेट्रोल की बिक्री नहीं किए जाने के निर्देश दिए।
कहा कि नियम का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी अनुभव त्रिवेदी, सेल्स ऑफिसर आईओसीएल सत्यम सिंह, सेल्स ऑफिसर आईओसीएल पेट्रोल गौरव जायसवाल, भारत पेट्रोलियम के सत्यम सिंह, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी पंकज सिंह, पूर्ति निरीक्षक सदर राजीव सिंह, ओम प्रकाश पांडेय, रमेश सिंह, अजय सिंह मौजूद रहे।