लक्ष्मणपुर विकास खंड स्थित लोहिया समग्र गांव घूरीपुर का निरीक्षण कर लौटे डीएम ने शुक्रवार रात करीब आठ बजे बड़ी कार्रवाई की। कई अधिकारियों को कार्रवाई के साथ कोटा निलंबित कर दिया। एक कार्यदायी संस्था को काली सूची में डालने का सख्त निर्देश दिया।
गांव में कराए गए सत्यापन रिपोर्ट से उन्होंने कार्यों का मिलान किया तो कई अधिकारी डीएम को संदिग्ध नजर आए। सत्यापन कार्य में बड़े पैमाने पर फर्जी रिपोर्ट दिए जाने का मामला प्रकाश में आया। पाया कि पशु चिकित्सा अधिकारी ने शौचालय की सत्यापन रिपोर्ट फर्जी दी है। इससे नाराज डीएम ने उन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि दी। यही नहीं सत्यनिष्ठा पर अंगुली उठाते हुए उनकी सेवा पुस्तिका में इस बात को दर्ज करने का निर्देश दिया। आंगनबाड़ी केन्द्र के निरीक्षण में खामी मिलने पर सीडीपीओ लक्ष्मणपुर को प्रतिकूल प्रविष्टि व सुपरवाइजर को निलंबित करने का आदेश दिया। शौचालयों में लगी घटिया सामग्री को देख नाराज डीएम ने प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव से धन की रिकवरी कराने का आदेश दिया। खुली बैठक में कोटेदार की शिकायत पर राशन की दुकान को निलंबित करने का आदेश एसडीएम लालगंज को दिया। उप निदेशक कृषि को प्रतिकूल प्रविष्टि दी। दिए गए प्रशिक्षण का ब्योरा न दे पाने पर उन्होंने उपायुक्त जिला उद्योग केन्द्र व आईटीआई को प्रतिकूल प्रविष्टि दी। जल निगम के सहायक अभियंता को भी प्रतिकूल प्रविष्टि दी है।