सराफ कारोबारी से लूट के आरोपी ने रायबरेली कोर्ट में किया सरेंडर
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। सराफ कारोबारी से लूट के मामले में फरार चल रहे आरोपी ने मंगलवार को रायबरेली कोर्ट में सरेंडर कर दिया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के भिटारी मोड़ परियावां के समीप 12 फरवरी को बाइक सवार सराफ कारोबारी को तमंचा दिखाकर सोने, चांदी वाले बैग को बदमाश लूट कर फरार हो गए थे। शिकायत के बाद पुलिस ने मानिकपुर के गड़ौली निवासी गोविंद, अंकित सोनी उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मंगलवार को फरार चल रहे आरोपी राकेश गुप्ता निवासी उदयपुर थाना क्षेत्र के नोहर का पुरवा ने रायबरेली कोर्ट में सरेंडर कर दिया। सरेंडर करने के बाद पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी श्रीराम उर्फ बबलू सोनी निवासी नवाबगंज के लवाना भवानीगंज को 60 पायल, दो हाफ पेटी, एक लच्छे के साथ गिरफ्तार किया। नवाबगंज थाने के उपनिरीक्षक दिलीप पाल ने हमराहियों के साथ बबलू को लवाना भवानीगंज बाजार से गिरफ्तार किया। वह भी सराफ कारोबारी है। उसने लूट के गहनों को खरीदा था। आरोपियों को पूछताछ के बाद रायबरेली जेल भेज दिया गया।