छात्राओं के साथ छेड़खानी तथा धक्का देकर गिरा देने के आरोपी को पुलिस ने शनिवार की रात मदाफरपुर मोड़ से पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से चार बम बरामद होने का दावा करते हुए मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
कोहड़ौर पुलिस के अनुसार दरोगा श्याम बिहारी शनिवार की रात संदिग्धों की चेकिंग कर रहे थे। मदाफरपुर मोड़ के पास से रामापुर के अरमान उर्फ जीशान को रोक लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चार देशी बम बरामद हुआ। पूछताछ के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर रविवार को उसे जेल भेज दिया।
शनिवार को कॉलेज जाने वाली छात्राओं के साथ अरमान ने ही छेड़खानी की थी। खोजबीन के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी से चिह्नित कर लिया था। उसकी तलाश में पुलिस ने घर पर कई बार दबिश भी दी थी। एसओ कोहड़ौर प्रदीप कुमार ने बताया, आरोपी को जेल भेजा गया है। ऐसी हरकत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
तमंचे के बल पर बदमाशों ने कैंटीन संचालक से बाइक तथा रुपये लूटे
प्रतापगढ़। पूरे केशवराय स्थित मेडिकल कॉलेज के कैंटीन संचालक हार्दिक तिवारी को शनिवार की रात तमंचा सटाकर बदमाशों ने लूटपाट की। उनका आरोप है कि रात करीब दस बजे वह बाइक से कैंटीन में जरूरी सामान पहुंचाने जा रहा था।
पोस्टमार्टम हाउस के पीछे पहुंचने पर तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसे रोक लिया। विरोध करने पर पिटाई करते हुए मोबाइल, 15 सौ रुपये तथा बाइक छीनकर भाग निकले। शिकायत पर पुलिस घटना की छानबीन करते हुए बदमाशों की तलाश कर रही है। संवाद