न्यायमूर्ति को स्कॉर्ट करने गई हथिगवां थाने की जिप्सी मोड़ आने पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे इसमें बैठे एक एसआई और दो सिपाही घायल हो गए। तीनों को कुंडा सीएचसी में भर्ती कराया गया है। लखनऊ की तरफ से इलाहाबाद के लिए न्यायमूर्ति राघवेंद्र सिंह को जाना था। इसके लिए हथिगवां थाने की जिप्सी को स्कोर्ट के लिए लगाया गया था। इसमें एसआई श्रीकांत, सिपाही साजिद अहमद व राजेश पाल मौजूद थे। नवाबगंज थाने के सबीसपुर के पास पड़ने वाले मोड़ पर जिप्सी पलट गई। इसके चलते ड्राइवर साजिद अहमद सहित तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह से तीनों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस तीनों घायलों को कुंडा सीएचसी ले आई। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करते हुए तीनों को अस्पताल में भर्ती कर लिया। लोगों का कहना है कि जिप्सी की रफ्तार तेज थी और मोड़ पर संभल नहीं पाई। इससे वह पलट गई। उधर, अस्पताल में पहुंचकर कोतवाल आरके सिंह चंदेल ने सभी का इलाज कराया।