अमृतसर से हावड़ा जा रही 3006 पंजाब मेल मंगलवार को दी बर्निंग ट्रेन बनने से बाल-बाल बची। इसके ए-वन एसी कोच के नीचे पहिये में चिंगारी और धुआं निकलने से हड़कंप मच गया। प्रतापगढ़ में चेकिंग के बाद पहिये को दुुरुस्त कराकर ट्रेन को आगे बढ़ाया गया।
पंजाब मेल चिलबिला स्टेशन से छूटने के बाद प्रतापगढ़ आ रही थी। तभी रास्ते में प्रेशर डाउन होने लगा। गाड़ी के पहियेे तुरंत जाम हो गए ट्रेन को रोकने के बजाय ड्राइवर उसको खींचकर प्रतापगढ़ स्टेशन तक लेकर आया। उतरकर नीचे देखा तो एसी कोच से धुंआ निकल रहा था। जलने की गंध आ रही थी। उसने फौरन एसएम को सूचित किया कि ट्रेन का पहिया गरम होेने से जाम हो गया है। जिसके कारण ट्रेन आगे नहंी बढ़ पा रही है। एसएम ने इसकी सूचना कैरेज एंड वैगन के अधिकारी दिनेश यादव को दी। दिनेश यादव कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे।
चेकिंग कराई गई तो पता चला कि ए-वन एसी कोच का निचला पहिया जाम हो गया है। उसके सारे ब्रेक पहिये से चिपके हुए मिले। पहिये और ब्रेक के बीच घर्षण होने से चिंगारी और धुआं निकला। फिलहाल कर्मचारियों ने ब्रेेक को पहिये से रिलीज किया। तापमान संतोषजनक होने पर ट्रेन को वाराणसी की ओर रवाना किया गया। चालक का कहना था कि रास्ते में किसी ने चेन पुलिंग करके ट्रेन रोकनी चाही थी। पता चला है कि चेनपुलिंग एसी कोच में ही किसी यात्री ने की है। जिससे उसी कोच के ब्रेक ब्लाक हुए। अफसरों का कहना है कि अगर ड्राइवर ट्रेन को इसी हालत में घसीटकर कुछ और दूरी तक ले गया होता तो निश्चित रूप से आग लग सकती थी। सीडीओ दिनेश यादव और एसएस त्रिभुवन मिश्रा ने बताया कि पंजाब मेल में एसी कोच का पहिया जाम हो गया था। जिसको समय से ठीक कर दिया गया।