लालगंज कोतवाली के लखपेड़वा के करीब बुधवार को रोडवेज बस की टक्कर से से बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई। घटना में घायल युवक का इलाज चल रहा है। अंतू थाना क्षेत्र के मदारी का पुरवा निवासी रामसुमेर पाल (52) अपनी बेटी अर्चना की ननद की शादी में शामिल होने के लिए बाइक लेकर घर से मानधाता थाना क्षेत्र के हरिहरपुर के लिए निकला। परिवार के ही सचिन व कुलदीप भी उसके साथ थे।
बाइक कुलदीप चला रहा था। लखपेड़वा के करीब वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर सामने से आ रही रोडवेज की बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे तीनों सड़क पर गिर पड़े और तड़पने लगे। घटना के बाद चालक पुलिस चौकी लीलापुर में बस खड़ी कर चला गया। आसपास के लोगों ने घायल रामसुमेर व अन्य को जिला अस्पताल भेजा। वहां डाक्टरों ने रामसुमेर की हालत गंभीर देख इलाज के लिए इलाहाबाद रेफर कर दिया। वहां ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।