अतरौरा चौराहे के समीप रविवार की देर शाम डीजे और मालवाहक मैजिक के बीच फंसकर बाइक सवार जौनपुर निवासी मालती (35) उनकी बेटी स्वाती (14) और भतीजे ज्ञानप्रकाश पाल (22) की मौत हो गई। तीनों चौहरजन देवी के दर्शन कर घर लौट रहे थे। जौनपुर जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र के मोलनापुर रजा बाजार निवासी ज्ञानप्रकाश पाल अपनी बुआ मालती और उनकी बेटी स्वाती (14) के साथ रविवार को बाइक से रानीगंज के पास स्थित चौहरजन धाम दर्शन करने आया था। वहां से शाम साढ़े सात बजे घर लौटते समय अतरौरा चौराहे के समीप सामने से आ रहे डीजे और पीछे से आ रही मालवाहक मैजिक के बीच उनकी बाइक फंस गई।
इससे दोनों वाहनों के बीच बाइक समेत पिस गए। मौके पर ही तीनों की मौत हो गई। हादसे के बाद घटना देखकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। घटना के बाद वाहन भाग निकले। वहां का नजारा देख लोगों का दिल दहल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस शवों को थाने उठा ले गई। काफी देर बाद उनके शवों की शिनाख्त हो सकी। खबर मिलते ही परिजन रोते बिलखते थाने पर पहुंचे। पुलिस ने कुछ दूर से घटना कर भागे डीजे को भी कब्जे में ले लिया और उसके चालक को भी दबोच लिया।
जौनपुर जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र के मुलनापुर रजा बाजार निवासी ज्ञान प्रकाश पुत्र बंशीपाल का विवाह छह दिन पहले ही अमरगढ़ के गोदलपट्टी निवासी बैजनाथ की बेटी सुमन के साथ 19 मई को हुआ था। परिवार के लोगों की इच्छा के चलते ही वह रविवार को अपनी बुआ के साथ चौहरजन देवी धाम में दर्शन पूजन करने के लिए आया था। इस दौरान उसकी बुआ ने सुमन से फोन पर बात भी की थी। ज्ञान प्रकाश ने भी अपनी पत्नी से बात की थी। उसे क्या पता था कि रास्ते में उसका मौत इंतजार कर रही है। वह भी उसी इलाके में जहां उसने सुमन संग सात जन्मों तक साथ निभाने की कसम खाई है। अभी सुमन के हाथों में लगी मेहंदी का रंग भी फीका नहीं पड़ा था और न ही ज्ञान प्रकाश के पैर से महावर ही छूटी थी कि उनका साथ छूट गया। सुमन व उसके घरवालों को रो-रोकर बुरा हाल है। चार दिन की सुहागिन सुमन को लोग धैर्य बंधाते रहे, लेकिन वह बेहोश हो जाती थी।