जिला कचहरी के सेंट्रल बार एसोसिएशन वाले अधिवक्ता चैंबर में दोनाली लाइसेंसी बंदूक से फायर हो गया। गोली के छर्रे लगने से बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री समेत तीन लोग घायल हो गए। इससे आक्रोशित लोगों ने बंदूक लेकर घुसे प्रधान को जमकर पीटा। पुलिस ने लोगों के चंगुल से प्रधान को छुड़ाया। लोग घायल वकीलों को जिला अस्पताल ले गए। जहां सभी का प्राथमिक उपचार करने के बाद डाक्टरों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया। प्रधान से भी पूछताछ की जा रही है।
हर दिन की तरह गुरुवार को भी कचहरी में सबकुछ ठीक-ठीक चल रहा था। जिलाधिकारी कार्यालय के पश्चिम दिशा में स्थित सेंट्रल बार एसोसिएशन के अधिवक्ता चैंबर में दोपहर बाद सभी अपने-अपने स्थानों पर चर्चा कर रहे थे। बताया जाता है कि वकील हरिकेश से मिलने के लिए बाघराय थाना क्षेत्र के जमलामऊ प्रधान कमलेश चंद्र मिश्रा पुत्र उमाशंकर मिश्रा आए थे। प्रधान के हाथ में दोनाली लोडेड लाइसेंसी बंदूक थी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो अधिवक्ता के चैंबर में बैठे प्रधान व वकीलों को चाय देने वाले एक युवक के पैर की ठोकर बंदूक में लग गई। इससे बंदूक नीचे गिर पड़ी और फायर हो गया। बंदूक से निकली गोली सामने बैठे बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री शंभू सिंह (60) निवासी अजीत नगर, अधिवक्ता अशोक सिंह (55) और श्याम सिंह (49) निवासी राहाटीकर थाना सांगीपुर को लग गई। हादसे से कचहरी में हड़कंप मच गया। वकीलों ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा। इस दौरान कुछ लोग आरोपी प्रधान को पीटने लगे।
हादसे की जानकारी मिलने पर सिविल लाइन चौकी प्रभारी, शहर कोतवाल मौके पर पहुंचे। किसी तरह पिट रहे प्रधान को पुलिस ने बचाया और उसकी बंदूक व खोखा कब्जे में ले लिया। जानकारी मिलते ही जूबाए अध्यक्ष रोहित शुक्ला, महामंत्री जयप्रकाश मिश्रा, भूपेंद्र शुक्ला, गिरीश चंद्र मिश्रा, दिनेश पांडेय, जैनुल हसन, सिराजउद्दीन, विजयप्रकाश त्रिपाठी, विवेक शुक्ला, रजनीकांत मिश्र आदि अस्पताल पहुंच गए। कुछ ही देर में एएसपी स्वामीनाथ और सीओ सिटी शशि शेखर दीक्षित आदि अस्पताल पहुंचे। नगर कोतवाल ने बताया कि प्रधान से पूछताछ की जा रही है। चाय देने वाले के पैर की ठोकर से लोड बंदूक गिर गई और फायर हो गया। इससे कुछ लोगों के पैर में छर्रे लग गए हैं। तहरीर नहीं मिली है। वहीं लोगोें का कहना है कि गनीमत रही कि केवल एक फायर हुआ। जबकि दो कारतूस लोड थी।