कुंडा इलाके में सोमवार को सड़क दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। वहीं एक अन्य हादसे में एक युवक की बोलेरो की चपेट में आने से मौत हो गई।हथिगवां थाना क्षेत्र के महरूपुर गांव निवासी सुनील (30) पुत्र भैयाराम अपने विषहिया निवासी साथी विश्वनाथ पटेल के साथ कुंडा से घर जा रहा था। इस दौरान उसकी बाइक टेंपो से टकरा गई। इसमें सुनील की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विश्वनाथ को इलाहाबाद के लिए रेफर किया गया। इसी तरह से बेती निवासी दुर्गावती पुत्री रामकृपाल, मंजीत पुत्र अनिरुद्ध निवासी चकादरअली भी एक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को एसआरएन रेफर किया गया है।
उधर चंद्रकांत बसवाही, अनीश, गोलू पटेल विषहिया, रत्नेश द्विवेदी रैयापुर, सत्य प्रकाश शुक्ला तिवारी महमदपुर, बृजेश तिवारीपुर मानिकपुर व श्यामू पटेल दुर्घटनाओं में घायल हो गए। यही नहीं मंसूराबाद इलाहाबाद से लखनऊ की तरफ जा रही तबस्सु पुत्री इस्लाम व शबनम पत्नी इस्लाम भी दुर्घटना में घायल हो गईं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं रिश्तेदार के यहां तिलकोत्सव में शामिल होने गए युवक की बोलेरो की चपेट में आने से मौत हो गई। लालगंज कोतवाली के पुरवारा कटरा पूरे दुग्धा निवासी विमलेश कुमार उर्फ मुन्ना पटेल(32) पुत्र स्व. शिव शंकर पटेल रविवार को रिश्तेदार के घर आयोजित तिलकोत्सव में सांगीपुर के सुजाखर गांव गया था। बताया जाता है कि रात करीब नौ बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। इस बीच सांगीपुर के नौव्वानार के पास अज्ञात बोलेरो की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोग उसे लेकर सांगीपुर सीएचसी पहुंचे लेकिन हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। यहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। सांगीपुर एसओ ने घटना की जानकारी से इंकार किया है। बता दें कि कुछ दिनाें पहले मृतक के पिता की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। कुछ लोग घटना को उससे जोड़कर भी देख रहे है। फिलहाल परिजनाें ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।