मंगलवार सुबह करीब पांच बजे घुइसरनाथधाम दर्शन करने जा रहे कांग्रेस नेता कुलभूषण पांडेय व उनके साथी राजेश पांडेय की सड़क हादसे में मौत हो गई। उनकी बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी थी। लालगंज के डगरारा निवासी कुलभूषण पंाडेय उर्फ बबलू (43) कांग्रेस के नेता थे। वह लालगंज कोतवाली के पीछे स्थित अपने आवास में रहते थे। अधिमास में वह प्रतिदिन घुइसरनाथधाम दर्शन-पूजन करने जाते थे। मंगलवार की सुबह लगभग पांच बजे वह अपने दोस्त कोतवाली क्षेत्र के भवरामबोझी निवासी राजेश पांडेय उर्फ राजूू (45) के साथ बाइक से बाबाधाम दर्शन के लिए निकले। लालगंज के इदिलपुर मोड़ के समीप पीछे से जा रहे किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखचे उड़ गए। बबलू व राजू उछलकर बीस मीटर दूर जा गिरे और बाइक सौ मीटर तक सड़क पर घिसटने के बाद खड्ड में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। राजू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से जख्मी बबलू पांडेय को आननफानन में लालगंज सीएचसी लाया गया। यहां इलाज के दौरान उनकी भी सांसें थम गईं। कांग्रेस नेता समेत दो लोगों की मौत के बाद अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई। उनके घर पर भी लोगों का मजमा लग गया। एसडीएम वाईबी सिंह, नायब तहसीलदार सदानंद व लालगंज कोतवाल भागकर अस्पताल पहुंचे। सूचना पर रामपुर खास की विधायक आराधना मिश्रा मोना दुर्घटना में मारे गए बबलू व राजू पांडेय के परिजनों से मिलने पहुंचीं। दोपहर बाद पीएम के बाद दोनों का शव घर पहुंचा। इसके बाद परिजन शव को लेकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गए।