ट्रेन के सामने छलांग लगाकर युवक ने दी जान
मानधाता इलाके की घटना, परिजन बता रहे मनोरोगी
अमर उजाला ब्यूरो
देल्हूपुर। शुक्रवार आधी रात मानधाता इलाके में एक युवक ने ट्रेन के सामने छलांग लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन मृतक को मनोरोगी बता रहे हैं। जबकि गांव में तरह-तरह की चर्चा है।
मानधाता थाना क्षेत्र के खरवई निवासी अब्दुल रहमान (37) पुत्र मो. हनीफ शुक्रवार को दिन में रेलवे लाइन के किनारे घूमता मिला था। सूचना मिलने पर घरवाले उसे साथ ले गए। रात में वह पत्नी और बच्चों के साथ दरवाजे पर सो रहा था। आधी रात को रहमान घर से निकल पड़ा। गांव के बगल से गुजरी रेल लाइन पर ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। शनिवार सुबह जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। उसकी मौत से पत्नी सबरून्निशा और बेटा मुजीब, इमरान, फरहान व जीशान का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक माता-पिता की इकलौती संतान था।