मां बेल्हादेवी-लखनऊ रेलवे खंड के चिलबिला जंक्शन के पास बृहस्पतिवार दोपहर एक युवती ने जनता एक्सप्रेस के आगे छलांग लगा दी। ट्रेन के चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाई। आरपीएफ ने युवती को गंभीर अवस्था में इंजन से निकालकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हादसे के चलते चिलबिला जंक्शन पर ट्रेन करीब 15 मिनट तक रुकी रही।
कोतवाली के रेड़बीर पूरे घीसा की रहने वाली 25 वर्षीय पूजा सिंह का परिजन से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। नाराज पूजा बगैर परिजन को कुछ बताए घर से निकाल कर 14 किमी दूर चिलबिला जंक्शन पर पहुंच गई। दोपहर करीब 12 बजे जनता एक्सप्रेस आ गई। ट्रेन के आगे पूजा ने छलांग लगा दी। युवती के कूदने पर चालक ने तत्काल ब्रेक लगा कर ट्रेन को रोक दिया। सूचना पर आरपीएफ पहुंची। इंजन में फंसी युवती को आरपीएफ ने बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। होश में आने पर उसने परिजन का मोबाइल नंबर बताया। पुलिस की सूचना पर परिजन भी पहुंचे।