नाली के विवाद को लेकर हुई मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। शव घर पहुंचा तो परिजन व ग्रामीण आरोपी के घर सामने शव दफनाने का प्रयास करने लगे। इस पर पुलिस ने उन्हें रोका। बवाल की आशंका पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। शाम तक शव का अंतिम संस्कार नहीं कराया जा सका। परिजन डीएम के आने की मांग, 20 लाख मुआवजा, नौकरी, शस्त्र लाइसेंस आदि की मांग करते रहे।
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के मुरैनी गांव में शुक्रवार की दोपहर नाली के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। मारपीट मारपीट के दौरान शिव बहादुर पटेल (30) पुत्र श्यामलाल समेत एक दर्जन लोग घायल हुए थे। गंभीर रूप से घायल शिव बहादुर को सीएससी संग्रामगढ़ से चिकित्सकों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। शनिवार की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रविवार को शव गांव पहुंचा तो परिजन शव का अंतिम संस्कार आरोपी के घर करने का प्रयास करने लगे।
इस पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इधर, बवाल की आशंका पर सीओ लालगंज, तहसीलदार कुंडा, महेशगंज, उदयपुर, जेठवारा, बाघराय, लालगंज, सांगीपुर की पुलिस पहुंच गई। पुलिस प्रशासन ने परिजनों को शव का अंतिम संस्कार करने के लिए मनाने का काफी प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। इस पर पुलिस प्रशासन ने अंतिम संस्कार के लिए जेसीबी मंगवा ली। इससे आक्रोश और बढ़ गया और ग्रामीणेां की भारी भीड़ लग गई।
परिजन व ग्रामीणों की मांग थी कि उनकी छह विश्वा की जमीन पर कब्जा दिलाया जाए। आरोपियों की गिरफ्तारी, 20 लाख मुआवजा, नौकरी व शस्त्र लाइसेंस भी दिया जाए। बात नहीं मानने पर वह जिलाधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। आरोप यह भी रहा कि मृतक के परिजनों को मारपीट के बाद थाने में बैठा दिया गया था।
मारपीट में मृतक की मां शिवराजा देवी तथा पत्नी रेखा देवी भी गंभीर रूप से चोटिल हैं। इनका इलाज चल रहा है। मृतक के पिता श्यामलाल तहसील कुंडा मे फोर्थ क्लास कर्मचारी हैं। मृतक के एक पुत्री आर्या, तथा एक पुत्र यश है। देर शाम तक शव का अंतिम संस्कार नहीं हो सका था।
A young man injured in a fight broke down,- फोटो : PRATAPGARH