पुरानी रंजिश और खेत में बकरी जाने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इसमें एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। इसमें गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्रयागराज रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही गंभीर रूप से घायल एक घायल अधेड़ की मौत हो गई। जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है। अधेड़ की मौत से उसके परिजनों में चीखपुकार मच गई। अधेड़ के बेटे की तहरीर पर 12 नामजद व छह अज्ञात के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के ऐंठू खास गांव निवासी छोटेलाल बकरी चराने के लिए गांव के किनारे गया था। इस दौरान पुरानी रंजिश व खेत में बकरी जाने को लेकर गांव के कुछ लोगाें ने उसे घेर लिया और पिटाई शुरू कर दी। शोरशराबे पर बीच बचाव करने पर पहुंचे परिजनों व गांव के लोगों को भी पीटा गया। भीड़ इकट्ठा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। इस दौरान गंभीर रूप से घायल छोटेलाल (55) पुत्र बबलू सरोज व उसके चचेरे भाई सुरेश सहित एक दर्जन घायलों को संग्रामगढ़ सीएचसी ले जाया गया।
सीएचसी से छोटेलाल व सुरेश सरोज को प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया गया। साथ में रहे अन्य घायलों को वहीं से छुट्टी दे दी गई। प्रयागराज ले जाते समय छोटेलाल की मौत हो गई। सुरेश को एसआरएन में भर्ती कराया गया। छोटेलाल की मौत होने की सूचना पर परिजनों में चीखपुकार मच गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। मृतक के पुत्र संजय सरोज की तहरीर पर रिशी कपूर, राजकुमार, बद्री विशाल, अर्जुन पटेल, गौरीशंकर, उमाशंकर, रवीशंकर, विजय पटेल, अखिलेश, फूलचंद्र, राजाबाबू, अमृतलाल व पांच छह अज्ञात के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
a villager died by beating- फोटो : PRATAPGARH